बड़ा मलहरा। जनपद पंचायत बड़ा मलहरा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों पर अब संकट के बादल मंडरा रहे हैं। लगभग तीन माह से उपयंत्रियों की चल रही हड़ताल के कारण पंचायतों में चल रहे मनरेगा एवं अन्य योजनाओं के कार्य ठप पड़े हुए हैं। सरपंच संघ जनपद पंचायत बड़ा मलहरा ने इस गंभीर स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश को ज्ञापन भेजा है।
सरपंच संघ के अध्यक्ष जयहिन्द सिंह यादव ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि उपयंत्रियों की हड़ताल के चलते ग्राम पंचायतों के निर्माण व विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है। मनरेगा के अंतर्गत कराए जाने वाले कार्यों में मजदूरों की मस्टर रोल जारी नहीं हो पा रही, जिससे मजदूर बेरोजगार हो गए हैं और उनकी आजीविका पर संकट उत्पन्न हो गया है।
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि पंचायतों द्वारा स्वीकृत योजनाएं अधूरी पड़ी हैं, जिससे गांवों में विकास की रफ्तार थम सी गई है। कई पंचायतों में अधूरे कार्यों से ग्रामीण परेशान हैं, वहीं समय पर भुगतान न मिलने से निर्माण एजेंसियों में असंतोष व्याप्त है। संघ ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि हड़ताल समाप्त होने तक वैकल्पिक व्यवस्था कर विकास कार्यों को चालू रखा जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास प्रभावित न हो। सरपंच संघ बड़ा मलहरा ने सरकार से शीघ्र हस्तक्षेप कर उपयंत्रियों की समस्याओं का निराकरण कर हड़ताल समाप्त कराने की मांग की है।










