छतरपुर। हाल ही में ग्वालियर के एक व्यक्ति द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर पर सोशल मीडिया के माध्यम से की गई टिप्पणी को लेकर बहुजन समाज पार्टी में भारी आक्रोश फैल गया है। सोमवार को जिला मुख्यालय पर बसपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन रैली निकालकर जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा और संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे बसपा के प्रदेश प्रभारी ने बताया कि ग्वालियर निवासी अनिल मिश्रा द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से डॉ. अंबेडकर के विरुद्ध बेहद निंदनीय, अमर्यादित एवं भड़काऊ वक्तव्य दिया गया है, जिससे सभी अंबेडकरवादी तथा संविधान प्रेमी लोगों की आस्था को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि अनिल मिश्रा जैसे जातिवादी लोग विदेशी ताकतों के साथ मिलकर भारत में सांप्रदायिकता भड़काकर देश को तोडऩा चाहते हैं। अनिल मिश्रा के विरुद्ध हमारी आस्था को ठेस पहुंचाने एवं राष्ट्र द्रोह के तहत एफआईआर दर्ज कर दंडात्मक कार्यवाही की जाए।









