छतरपुर। विजयादशमीं के अवसर पर पुलिस लाइन स्थित राम-जानकी मंदिर में शस्त्र पूजन का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। वैदिक आचार्यों ने विधि-विधान से शस्त्रों का पूजन कराया, जिसमें जिले के गणमान्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और पुलिसकर्मी शामिल हुए। कार्यक्रम में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार और राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार शामिल होने पहुचे। शस्त्र पूजन के पश्चात महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उपस्थितजनों ने उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने सभी को दशहरा, गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि दशहरा के दिन शस्त्र पूजा का विशेष महत्व है। यह परंपरा भगवान राम की रावण पर विजय और मां दुर्गा के महिषासुर वध की स्मृति में निभाई जाती है। उन्होंने कहा कि शस्त्र पूजा केवल हथियारों की आराधना नहीं, बल्कि साहस, विजय और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त करने का प्रतीक है। इसके अलावा उन्होंने गांधी जी की अहिंसा और शास्त्री जी की निष्ठा के मार्ग पर चलकर देश को विकास की राह पर ले जाने की बात भी कही। राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, छतरपुर विधायक ललिता यादव, राजनगर विधायक अरविंद पटैरिया, महाराजपुर विधायक कामाख्या प्रताप सिंह ने भी सभी को शुभकामनाएं देते हुए अपने विचार व्यक्त किए। कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने बताया कि राज्य शासन के निर्देश एवं परंपरा के अनुसार पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में छतरपुर जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री, नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया, भाजपा नेता पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, कलेक्टर पार्थ जैसवाल, एसडीएम अखिल राठौर, डीआईजी विजय कुमार खत्री, एसपी अगम जैन, सीएसपी अरुण कुमार सोनी, डीएसपी अजाक रविंद्र मिश्रा सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, जिला मुख्यालय के सभी थाना प्रभारी एवं स्टाफ उपस्थित रहा।









