छतरपुर। जिला अस्पताल में चूहों के आतंक की खबरें सामने आने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देश पर सिविल सर्जन ने चूहों को नियंत्रित करने और अस्पताल की सफाई के लिए विशेष टीमें तैनात की हैं। साथ ही सभी वार्डों और स्टोर रूम में व्यापक सफाई अभियान शुरू हो गया है, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिल सके।
सिविल सर्जन डॉ. शारद चौरसिया ने बताया कि चूहों के नियंत्रण और सफाई के लिए पहले जारी टेंडर में सतना की कंपनी ने प्रभावी कार्य नहीं किया था, जिसके बाद कंपनी को दोबारा सख्त निर्देश दिए गए हैं। अब प्रति वर्ग फुट 1.18 रुपये की दर से भुगतान के साथ सफाई और पेस्ट कंट्रोल का काम तेजी से चल रहा है। पेस्ट कंट्रोल टीम चूहों को पकडऩे और भगाने के लिए दवाओं का छिड़काव कर रही है, साथ ही स्टोर रूम के लिए चूहे पकडऩे वाले पिंजरे भी मंगाए गए हैं। डॉ. चौरसिया ने बताया कि पहले फ्लोर की सफाई पूरी हो चुकी है, और अब अन्य वार्डों में यह अभियान जारी है। टेंडर के तहत हर छह महीने में सफाई का प्रावधान है। प्रशासन ने सख्त निगरानी की व्यवस्था की है ताकि कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित हो। डॉ. चौरसिया ने कहा कि यह अभियान मरीजों की सुविधा और स्वच्छता के लिए निरंतर चलता रहेगा।










