
जनसुनवाई में बेदार के ग्रामीणों ने उठाई मांग
छतरपुर। नौगांव जनपद के ग्राम बेदार में बनाए जा रहे नए पंचायत भवन को निर्धारित स्थान पर बनाए जाने की मांग मंगलवार को ग्रामीणों ने जनसुनवाई में आवेदन देकर की है।गांव के डॉ. छत्रसाल सिंह जादौन ने बताया कि गांव में नए पंचायत भवन के निर्माण हेतु शासकीय स्कूल और शासकीय अस्पताल के पास जमीन चिन्हित की गई थी और इसी स्थान पर भवन निर्माण के लिए भूमि-पूजन भी किया गया था लेकिन पंचायत चुनाव के बाद नए सरपंच ने स्थान को बदल दिया है, जो कि गांव के बाहरी इलाके में है और लोगों की पहुंच से दूर है। उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर नवीन पंचायत भवन बन रहा है, वह तालाब के भराव क्षेत्र में है और पहुंच मार्ग न होने के कारण ग्रामीणों को यहां जाने में परेशानी होगी। ग्रामीणों ने आवेदन देकर पंचायत भवन को निर्धारित स्थान पर बनवाने की मांग की है।









