राजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम परा निवासी गिरधारी पाल के 10 वर्षीय बेटे नरेंद्र पाल ने खेल-खेल में स्कूल में 10 रुपए का सिक्का निगल लिया। सिक्का गले में फंसने से बच्चे की हालत बिगडऩे लगी, जिससे परिजन घबराकर उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
परिजनों ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि जिला अस्पताल के डॉक्टर मनोज चौधरी बिना ऑपरेशन के बच्चों के गले में फंसा सिक्का निकाल देते हैं। इस पर वे तुरंत बच्चे को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। डॉ. मनोज चौधरी ने केवल 2 मिनट में ही बिना किसी ऑपरेशन के सिक्के को सुरक्षित तरीके से निकालकर बच्चे की जान बचाई। बच्चे की हालत अब पूरी तरह से सामान्य है। डॉक्टर की इस तत्परता और कुशलता की परिजनों ने सराहना की। डॉक्टरों का कहना है कि छोटे बच्चों पर हमेशा नजर रखें और उन्हें सिक्के या छोटे सामान से खेलने न दें, क्योंकि यह उनकी जान के लिए खतरा बन सकता है।










