टीकमगढ़। गणेशोत्सव पर एक ओर जहां धार्मिक पूजा-अर्चना की जा रही है। गली-गली एवं चौराहों पर भगवान गणेश की प्रतिमाएं विराजमान है। वहीं दूसरी ओर जैन श्रद्धालुओं का पर्युषण पर्व मनाया जा रहा है। दस दिन तक चलने वाले इन धार्मिक आयोजनों के दौरान खुले में मांस-मदिर का सेवन किए जाने एवं बिक्री किए जाने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। हाट-बाजार से लेकर नगरीय इलाकों में की जा रही बिक्री पर चिंता जाहिर करते हुए लोगों ने पुलिस प्रशासन से ठोस कदम उठाए जाने पर जोर दिया है। बताया गया है कि पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई द्वारा जिले के थाना अंतर्गत लगने वाले हाट बाजारों एवं सडक़ों के किनारे खुले में मांस-मछली बिक्री पर लगाम लगाने के निर्देश दिए है। देखना है कि थाना प्रभारियों द्वारा किस कदर सख्ती की जाती है। इस संबन्ध में प्र्रदेश के मुख्यमत्री एवं पुलिस महानिदेशक ने भी संज्ञान लेते हुए निर्देश दिए हैं। बताया गया है कि पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के मार्गदर्शन में टीकमगढ़ पुलिस द्वारा खुले में मांस विक्रय करने वालों पर कार्यवाही भी की है। बताया गया है कि कोतवाली पुलिस द्वारा क्षेत्र में खुले में लगे अंडा, मांस, मछली बाजार हटवाया गया। मध्यप्रदेश शासन के मुख्यमंत्री मोहन यादव एवं पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में समस्त जिलों में खुले में मांस विक्रय पर पूर्णत: प्रतिबंध लगाने की कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत खुले में मांस विक्रय की गतिविधियों की पहचान कर, स्थानीय प्रशासन के सहयोग से उचित कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया है।
मांस बिक्रेताओं को दी चेतावनी-
नगर निरीक्षक कोतवाली उपेन्द्र छारी ने बताया कि खुले में मांस-मछली बिक्रेताओं पर लगाम लगाई जा रही है। यहां ढोंगा इलाके में शिकायत मिलने पर कार्रवाई की गई। खुले में यहां बिक्री करते पाए जाने पर बिक्रेताओं के विरूद्ध कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा 29 अगस्त 2025 को क्षेत्र अंतर्गत ढोंगा रोड पर खुले में संचालित अंडा, मांस एवं मछली बाजार को हटवाया गया एवं संबंधित व्यक्तियों को स्पष्ट निर्देश एवं चेतावनी दी गई कि भविष्य में ऐसी गतिविधियों को न दोहराया जाए। टीकमगढ़ पुलिस द्वारा यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। यहां बता दें कि जिले के अधिकांश हाट-बाजारों में मीट एवं मछली खुले में रखकर बेंची जाती रही है, जिस पर काबू पाने की जरूरत बताई जा रही है।









