बीती रात महाराजपुर पुलिस को पेट्रोलिंग के दौरान ग्राम टटम ढाबे के पास अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ एक संदिग्ध के होने की सूचना मिली थी, जिस पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को रोका और तलाशी ली। उसके पास पॉलिथीन में टैपिंग से बंद पैकेट में 730 ग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये आंकी गई। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी दीपक पुत्र शीतल प्रसाद तिवारी निवासी ग्राम खिरवा थाना महाराजपुर को हिरासत में लिया। दीपक के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया और विधिवत कार्रवाई शुरू की गई है। उल्लेखनीय है कि छतरपुर पुलिस ने हाल के महीनों में 80 एनडीपीएस और 2000 से अधिक आबकारी प्रकरण दर्ज किए हैं, जिनमें 52 क्विंटल अफीम के पौधे, 1000 किलोग्राम गांजा, 500 से अधिक नशीली सिरप की शीशियां, 1100 नशीली टैबलेट, 200 से अधिक इंजेक्शन और 16000 लीटर अवैध शराब जब्त की है। यह कार्रवाई नशे के खिलाफ पुलिस की सतत मुहिम का हिस्सा है।









