छतरपुर। छतरपुर पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ अपनी मुहिम तेज कर दी है। बीती रात गश्त के दौरान सिविल लाइन पुलिस ने सिंचाई कॉलोनी से दो लोगों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। बताया गया है कि शुक्रवार रात को सिविल लाइन थाना पुलिस को गश्त के दौरान सिंचाई कॉलोनी में संदिग्धों के पास अवैध हथियार होने की सूचना मिली। पुलिस टीम मंदिर के पास पुलिया पर पहुंची, जहां संदिग्धों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा गया। तलाशी में एक 315 बोर की देशी अद्धी और कारतूस बरामद हुआ। गिरफ्तार किए गए पुष्पराज पिता दशरथ रजक निवासी शिवनगर कॉलोनी देरी रोड और एक नाबालिग के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। दोनों को हिरासत में लेकर विवेचना शुरू कर दी गई है।










