छतरपुर। महाराजपुर पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नैगुंवा रोड पर क्षेत्र भ्रमण के दौरान सचिन उर्फ डब्बू चौरसिया को एक अवैध देशी कट्टा सहित गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी डीके सिंह ने बताया कि नैगुंवा रोड पर एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियार के साथ घूम रहा था, जिसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने कॉलेज के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ा। तलाशी के दौरान सचिन उर्फ डब्बू पुत्र गुलाब चौरसिया निवासी वार्ड नंबर 6 महाराजपुर के पास से एक अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि आरोपी की अवैध हथियार के साथ सोशल मीडिया पर फोटो भी पूर्व में वायरल हुई थी। आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई है।









