छतरपुर। गौरिहार जनपद पंचायत अंतर्गत आने वाले निधौली और उर्दीपुर गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई में ज्ञापन सौंपकर गांव के सेल्समैन को हटाने की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों ने तख्तियां और बैनर लेकर नारेबाजी की और सेल्समैन पर खाद्यान्न वितरण में धांधली तथा अनियमितताओं के आरोप लगाए।
निधौली पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि तरुण कुमार रावत ने बताया कि सेल्समैन राजेंद्र रिछारिया ने प्यारेलाल साहू की दुकान पर जाकर जीवित लोगों को मृत घोषित करते हुए खाद्यान्न पर्ची से करीब 157 लोगों के नाम हटा दिए और 20 से 25 खाद्यान्न पर्चियां पूरी तरह समाप्त कर दीं। तरुण के मुताबिक प्यारेलाल साहू ने मौखिक और स्टांप पेपर पर यह जानकारी दी है कि राजेंद्र रिछारिया ने ही नाम हटवाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि केवाइसी होने के बावजूद उनके नाम खाद्यान्न पर्ची से हटाए गए। एक अन्य ग्रामीण रामप्रताप प्रजापति ने बताया कि सेल्समैन नमक के लिए 5 रुपये वसूलता है, जबकि शासन के नियम के अनुसार नमक 1 रुपये में मिलना चाहिए। दुकान भी महीने में केवल एक दिन खुलती है। ग्रामीणों ने पिछले दो महीनों से उपखंड मजिस्ट्रेट, तहसीलदार, खाद्य आपूर्ति निरीक्षक, और समिति अध्यक्ष हरदेनिया के पास शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। आरोप है कि राजेंद्र रिछारिया ने खाद्य आपूर्ति निरीक्षक और अन्य अधिकारियों को रिश्वत दी है, जिस कारण उनकी शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हुई









