Home डेली न्यूज़ विद्युत समस्या से परेशान ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, जमकर किया विरोध...

विद्युत समस्या से परेशान ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, जमकर किया विरोध प्रदर्शन

40
0
Jeevan Ayurveda

राजापुरवा और सरई गांव के लोगों का फूटा गुस्सा, तीन घंटे बाधित रहा यातायात
चंदला। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही विद्युत समस्याओं को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश रविवार और शुक्रवार को दो अलग-अलग स्थानों पर देखने को मिला। लंबे समय से बिजली कटौती, लो वोल्टेज और बार-बार फाल्ट जैसी समस्याओं से जूझ रहे ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
शुक्रवार की शाम करीब 6 बजे राजापुरवा क्षेत्र के एक सैकड़ा से अधिक ग्रामीण बिजली समस्या को लेकर विद्युत कार्यालय पहुंचे, लेकिन वहां कोई अधिकारी न मिलने से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज़ ग्रामीणों ने कार्यालय के सामने सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश के बाद जाम खुलवाया। प्रदर्शनकारी अंदर कार्यालय में भी नारेबाज़ी करते रहे, लेकिन कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। ग्रामीण डी.डी. अहिरवार ने बताया कि इलाके में वर्षों पुरानी केबिलें और कम क्षमता के ट्रांसफार्मर लगे हैं, जिससे बार-बार फाल्ट होता है। शिकायतों के बाद भी समाधान नहीं होता। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसी तरह रविवार को सरई गांव और आसपास के ग्रामीणों ने चंदला-बछौन मार्ग पर तीन घंटे तक चक्का जाम किया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 45 दिनों से विद्युत आपूर्ति अनियमित है। रातभर बिजली गुल रहती है, जिससे बुजुर्ग, बच्चे और छात्र सबसे अधिक प्रभावित हैं। कई बार शिकायतों के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई।
प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही चंदला तहसीलदार नारायण कोरी, टीआई उदयवीर सिंह तोमर एवं बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा। तब जाकर ग्रामीण शांत हुए और चक्का जाम समाप्त किया गया। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि यदि जल्द विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here