छतरपुर। बमीठा थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ा में बागेश्वर धाम के पास बीती रात एक निजी ढाबे की दीवार ढहने से बड़ा हादसा हो गया। मलबे में दबने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हुए। घायलों में 9 लोग उत्तर प्रदेश के, एक उत्तराखंड और दो पश्चिम बंगाल के निवासी हैं। चार गंभीर घायलों को जिला अस्पताल से ग्वालियर रेफर किया गया है, जबकि अन्य का इलाज छतरपुर जिला अस्पताल में चल रहा है। घायलों ने बताया कि वे सभी बागेश्वर धाम पर चल रहे गुरु पूर्णिमा महोत्सव में शामिल होने के लिए आए थे। रात को ढाबे में रुके थे जहां तेज बारिश के कारण जर्जर दीवार गिर गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गढ़ा गांव में बागेश्वर धाम के पास सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे निजी ढाबे की दीवार ढह गई, जिसके मलबे में दबने से महिला अनीता देवी खरवार (40) पत्नी राजू की मौके पर ही मौत हो गई। वह उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर जिले के अदलहाट गांव की रहने वाली थी। उनके परिजनों ने बताया कि वे गुरु पूर्णिमा महोत्सव में शामिल होने के लिए बागेश्वर धाम आए थे। रात को जिस ढाबे में सोए, उसी ढाबे की दीवार अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। इस हादसे में अनीता के परिवार की पूनम देवी खरवार (38), प्रिया कुमारी खरवार (17), अंशिका कुमारी (18) और नामवर प्रसाद (42) भी घायल हुए हैं। इनके अलावा मुंशीलाल कश्यप (72, सैलानपुर, उ.प्र.), अरविंद कुमार पटेल (17, नारायणपुर, मिर्जापुर), गुलाबचंद साहू (55, हावड़ा, प.बंगाल) और धनेश्वरी देवी साहू (48, हावड़ा, प.बंगाल) भी घायल हुई हैं। ग्राम गढ़ा में प्राकृतिक आपदा से अचानक घटित हादसे की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन ने सभी सक्रियता दिखाई। हादसे में घायल श्रद्धालुओं को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल छतरपुर में भर्ती कराया गया। सीएमएचओ डॉ. आरपी गुप्ता और जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. शरद चौरसिया ने बताया कि चार गंभीर घायलों- वीना देवी कश्यप, मंजू देवी कुर्मी, कौशल सैनी और सचिन कश्यप को ग्वालियर के गजराराजा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जबकि 5 का इलाज छतरपुर जिला अस्पताल में चल रहा है। तीन लोगों को मामूली चोटें थीं, जिन्हें इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है।
बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर ने एक दिन पहले की थी अपील
गौरतलब है कि बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने उक्त घटना से एक दिन पहले सोमवार की शाम को वीडियो संदेश जारी कर बागेश्वर धाम पर उमड़ रही भीड़ और लगातार हो रही बारिश पर चिंता भी जाहिर की थी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि धाम पर बढ़ रही भक्तों की संख्या और लगातार हो रही बारिश को ध्यान में रखकर भक्त घरों पर ही पादुका पूजन करें। मौसम ठीक होने के उपरांत दर्शन के लिए धाम पर आएं।









