छतरपुर। ग्राम हमा में रविवार को एक 20 वर्षीय युवक की जामुन के पेड़ से गिरने के कारण मौत हो गई। घटना हमा गांव के पास बड़े पुल के बगल में हुई। मृतक पवन पुत्र राकेश कुशवाहा मूल रूप से जिला महोबा के श्रीनगर का निवासी था और वर्तमान में खोंप गांव में रह रहा था। इस हादसे ने परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ा दी है।
बताया गया है कि पवन कुशवाहा रविवार दोपहर हमा गांव के पास बड़े पुल के समीप एक जामुन के पेड़ पर चढ़कर जामुन तोड़ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पेड़ की ऊंची डाल पर चढऩे के दौरान उसका संतुलन बिगड़ा और वह जमीन पर गिर गया। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं, और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने उसे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाने की कोशिश की, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।









