बकस्वाहा। थाना बकस्वाहा अंतर्गत ग्राम जैतूपुरा में गुरुवार रात उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब 70 वर्षीय दयाराम सिसौदिया की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के परिजनों और ग्रामवासियों ने मारपीट का आरोप लगाते हुए जैतूपुरा निवासी बैजनाथ दुबे को जिम्मेदार ठहराया और कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए।
ग्रामीणों और परिजनों ने रात करीब 9 बजे से 11 बजे तक चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। मृतक के परिजन विक्रम परिहार ने बताया कि दो दिन पूर्व दयाराम सिसौदिया के साथ बैजनाथ दुबे ने मारपीट की थी, लेकिन पुलिस ने तब एफआईआर दर्ज नहीं की। इलाज के दौरान वृद्ध की मौत हो जाने पर गांव में आक्रोश फैल गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंचे एसडीओपी रोहित अलावा ने परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया। आश्वासन के बाद एफआईआर दर्ज की गई और चक्काजाम समाप्त हुआ।










