छतरपुर। सटई तहसील क्षेत्र के ग्राम कसान के किसानों ने मंगलवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई में ज्ञापन देते हुए बताया कि जिस जमीन पर वे अपने पूर्वजों के समय से खेती-किसानी करते आ रहे हैं, उस जमीन को वन विभाग द्वारा छीना जा रहा है, जिससे वह परेशान हैं। कलेक्टर को आवेदन देकर किसानों ने न्याय की गुहार लगाई है।
कसार निवासी रतिराम, मुन्ना, लखनलाल सहित अन्य किसानों ने बताया कि शासकीय रिकॉर्ड में उनके नामों पर दर्ज भूमि को वन विभाग द्वारा जबरन छीना जा रहा है। किसानों ने बताया कि वन विभाग और राजस्व विभाग द्वारा कभी भूमि का सीमांकन नहीं कराया गया। बिना सूचना दिए 9 जून को वन विभाग की टीम करीब एक दर्जन जेसीबी मशीनें लेकर जमीन पर पहुंचे और गड्ढे खोदने लगे। जब अधिकारियों से बात की गई तो उनके द्वारा कहा गया कि – यह जमीन वन विभाग की है। ज्ञापन देकर किसानों ने वन विभाग द्वारा जबरन की जा रही कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की गई है।









