
छतरपुर। गौरिहार पुलिस ने ग्राम गहबरा में मारपीट कर हत्या के मामले में 5000 के इनामी चौथे आरोपी को अवैध 315 बोर के देशी कट्टे और कारतूस सहित गिरफ्तार किया। अभियुक्त हत्या, अवैध हथियार, मारपीट और एससी-एसटी अधिनियम जैसे कई अपराधों में संलिप्त है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक थाना गौरिहार क्षेत्र के ग्राम गहबरा में जुलाई 2024 में कुछ लोगों ने पीडि़त के वाहन को रोककर लाठी-डंडों से मारपीट की थी, जिससे गंभीर चोटों के कारण उसकी मृत्यु हो गई थी। साक्ष्यों, कथनों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर गौरिहार थाने में सात नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 5000 के इनाम की घोषणा की थी। पुलिस ने पहले तीन आरोपियों- रवि उर्फ रविंद्र अहिरवार, उदयभान उर्फ छोटू शुक्ला, और गणेश बाबू शुक्ला, सभी गहबरा निवासी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। चौथे इनामी आरोपी सीताराम शुक्ला, पिता छोटा उर्फ गणेश बाबू शुक्ला, को बुधवार रात ग्राम गहबरा के एक खेत में दबिश देकर पकड़ा गया। उसके पास से 315 बोर का अवैध देशी कट्टा और कारतूस बरामद हुआ। सीताराम शुक्ला के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत अलग से मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त हत्या, अवैध हथियार, मारपीट और एससी-एसटी अधिनियम जैसे आधा दर्जन अपराधों में लिप्त है। उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है। हत्या के मामले के अन्य इनामी आरोपियों की तलाश और विवेचना जारी है।








