Home डेली न्यूज़ दहेजलोभी परिवार पर पुलिस ने दर्ज किया मामला

दहेजलोभी परिवार पर पुलिस ने दर्ज किया मामला

51
0
Jeevan Ayurveda


महाराजपुर। गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम नुना में दहेज की लालच ने एक मासूम बेटी का घर बसने से पहले ही उजाड़ दिया। शादी की सभी तैयारियां पूरी होने और मेहंदी लगाए दुल्हन के इंतजार के बावजूद दूल्हा पक्ष ने स्कॉर्पियो गाड़ी की मांग पूरी न होने पर बारात नहीं भेजी। दोनों पक्षों के बीच बातचीत विफल होने के बाद थाना प्रभारी रीता सिंह ने दूल्हे पक्ष के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, नुना निवासी रागनी पटेल, जो जनपद पंचायत में सहायक विकास विस्तार अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं, की शादी राजनगर के ग्राम पंचायत दलपतपुर के कृष्णकांत पटेल, जनपद पंचायत असिस्टेंट ऑडिटर, से तय हुई थी। शादी के लेनदेन की चर्चा के दौरान दोनों पक्षों के रिश्तेदार मौजूद थे, और स्कॉर्पियो या किसी फोर-व्हीलर की मांग का कोई जिक्र नहीं हुआ था। शादी के कार्ड छप गए, रिश्तेदारों को न्योता पहुंच चुका था। पिछले साल 10 अप्रैल 2024 को गोद भराई की रस्म में दूल्हे पक्ष के करीब 200 लोग शामिल हुए, जहां दूल्हे को सोने की अंगूठी, डेढ़ लाख रुपये नकद और अन्य लोगों के लिए पैर पूजन के लिए एक हजार रुपये दिए गए। हालांकि, 14 अप्रैल को सुतकरा के बाद जैसे ही शादी की तारीख 11 मई नजदीक आई, दूल्हे पक्ष ने स्कॉर्पियो फोर-व्हीलर की मांग शुरू कर दी और इसे पूरा न करने पर शादी से इनकार कर दिया। रागनी के पिता ने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति ऐसी मांग को पूरा करने की नहीं थी। 11 मई को मंडप सजा था, लेकिन बारात नहीं पहुंची। इस खबर से आहत रागनी के परिवार के दो दर्जन से अधिक लोग गढ़ीमलहरा थाने पहुंचे और दूल्हे पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शुरू में पुलिस ने मामला दर्ज करने से इनकार किया, जिससे परिवार ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। दोनों पक्षों की बैठक के बाद भी मामला नहीं सुलझा। तीन दिन बाद थाना प्रभारी रीता सिंह ने दूल्हे पक्ष के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here