
नौगांव। नगर से निकलकर अमेरिका तक का सफर तय करने वाली डॉ. भावना गुप्ता ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से न केवल नगर का नाम रोशन किया, बल्कि ड्रीम गर्ल विजनरी अवॉर्ड हासिल कर नारी शक्ति का नया मानक स्थापित किया है। उनकी इस उपलब्धि से उनके परिवार सहित पूरे नगर और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
उल्लेखनीय है कि डॉ. भावना गुप्ता, नौगांव के समाजसेवी और शासकीय बापू महाविद्यालय की जन भागीदारी समिति के अध्यक्ष हरगोविंद गुप्ता की बेटी हैं। उन्होंने डेंटिस्ट्री के क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान के लिए यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त किया है। गत 11 मई को कैलिफोर्निया में आयोजित भव्य समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद हेमा मालिनी ने उन्हें यह अवॉर्ड प्रदान किया। कार्यक्रम में डांस, म्यूजिक और फैशन शो का आयोजन हुआ, जिसमें डॉ. गुप्ता जज और मुख्य प्रायोजक के रूप में शामिल रहीं। डॉ. भावना गुप्ता ने अपनी शुरुआती शिक्षा नौगांव के सरस्वती शिशु मंदिर और छतरपुर से प्राप्त की है। अमेरिका के बे एरिया में चार डेंटल क्लीनिकों की संस्थापक डॉ. भावना गुप्ता इनविज़लाइन ट्रीटमेंट में शीर्ष 1 प्रतिशत डॉक्टरों में शुमार हैं और कई प्रतिष्ठित संस्थाओं से सम्मानित हो चुकी हैं। उनकी खासियत अत्याधुनिक तकनीक को मानवीय संवेदनाओं के साथ जोडऩा है। उनके पिता हरगोविंद गुप्ता ने बेटी की सफलता पर गर्व जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। वहीं महाराजपुर विधायक कामाख्या प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष अनूप तिवारी, पूर्व अध्यक्ष अंजुल सक्सेना, अधिवक्ता धीरेंद्र गुप्ता और सन्नो सक्सेना ने भी उन्हें बधाई दी।








