
छतरपुर। छतरपुर में छात्रों और नागरिकों के लिए एक आधुनिक सुविधा का सपना जल्द साकार होने जा रहा है। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार की पहल से सेंट्रल लाइब्रेरी और पार्क बनकर लगभग तैयार हो चुका है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि यह सुविधा क्षेत्र के शैक्षणिक और सामाजिक विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
शनिवार को केन्द्रीय मंत्री ने सिंचाई कॉलोनी में पहाड़ी से सटी खाली शासकीय जमीन पर बनी इस लाइब्रेरी का अवलोकन किया। केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने इस परियोजना को अपनी विशेष सौगात बताते हुए कहा कि यह लाइब्रेरी छात्रों को आधुनिक अध्ययन सुविधाएं प्रदान करेगी और पार्क क्षेत्रवासियों के लिए मनोरंजन का केंद्र बनेगा। उन्होंने बताया कि यह मध्य प्रदेश की पहली हाइटेक लाइब्रेरी होगी, जिसमें डिजिटल संसाधन, इंटरनेट और आरामदायक पढ़ाई का माहौल उपलब्ध होगा। इस परियोजना से न केवल छतरपुर बल्कि आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को भी लाभ मिलेगा।








