
छतरपुर। शीलिंग होम इंग्लिश स्कूल में 11 मई 2025 को मेधावी छात्र सम्मान समारोह का गरिमामय आयोजन हुआ। इस अवसर पर एम.पी. बोर्ड की बारहवीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रावास के विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विद्यालय के सिल्वर जुबली वर्ष में हॉस्टलर्स ने शानदार सफलता हासिल कर नया इतिहास रचा।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। विद्यालय के प्रबंध निदेशक संजीव आर. नगरिया ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय पिछले 25 वर्षों से बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम दे रहा है। इस वर्ष हॉस्टलर्स के बेहतरीन प्रदर्शन ने इस परंपरा को और मजबूत किया है। उन्होंने सफलता का श्रेय शिक्षकों, छात्रावास प्रबंधन और विद्यार्थियों की मेहनत को दिया। समारोह में हृदयेश अहिरवार 91 प्रतिशत, रोशन अहिरवार 90 प्रतिशत, संजू प्रजापति 90 प्रतिशत, दया शंकर अनुरागी 84 प्रतिशत, राजवीर अहिरवार 81 प्रतिशत, राकेश प्रजापति 80 प्रतिशत, दीपेश 75.2 प्रतिशत, रविनंदन 75 प्रतिशत, अंकित 74 प्रतिशत, अरमान 70.2 प्रतिशत, शिवा 70 प्रतिशत और अभिषेक 70 प्रतिशत को पुष्पमाला, मेडल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, सरमन कोरी, संरचना और क्रांति को विद्यालय में विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में प्राचार्य सौम्या सिंह परमार, वरिष्ठ शिक्षक संतोष गुप्ता, जावेद सर, योगेश कौशिक, शिक्षिका शोभा जैन, आरती कुशवाहा, अमित सर, आजाद सर और मुकेश सर उपस्थित रहे और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षिका संध्या श्रीवास्तव ने किया। अंत में आभार प्रदर्शन और स्वल्पाहार के साथ समारोह संपन्न हुआ। अभिभावकों की उपस्थिति ने आयोजन को और यादगार बना दिया।








