Home डेली न्यूज़ पटाखा फोडऩे वाली बुलेट बाइकों से आमजन परेशान

पटाखा फोडऩे वाली बुलेट बाइकों से आमजन परेशान

52
0
Jeevan Ayurveda


हरपालपुर। नगर में इन दिनों शाम होते ही बुलेट बाइकों के शौकीन युवा तेज रफ्तार और पटाखों की आवाज के साथ सड़कों पर बेखौफ दौड़ रहे हैं। इन बाइकों से निकलने वाली पटाखों की तेज आवाज से सड़क पर चलने वाले लोग परेशान हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हरपालपुर थाना पुलिस इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही, जिससे बाइकर्स के हौसले बुलंद हैं।
नगर की मुख्य सड़कों, हरिहर रोड, पुरानी गल्ला मंडी, शिक्षक कॉलोनी, राजा कॉलोनी, राजपूत कॉलोनी, लहचुरा राठ रोड और गली-मोहल्लों में शाम के समय बुलेट बाइकों से पटाखों की आवाज आम हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन बाइकों की तेज आवाज से अन्य वाहन चालक डरकर दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। यह समस्या खासकर नवयुवकों में बुलेट बाइकों को मोडिफाई कर पटाखे जैसी आवाज निकालने के चलन से बढ़ी है। पुलिस अधीक्षक अगम जैन द्वारा पूरे छतरपुर जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने और बुलेट बाइकों से पटाखे की आवाज निकालने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद, हरपालपुर थाना पुलिस द्वारा न तो चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और न ही कोई ठोस कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पुलिस की इस निष्क्रियता के कारण बाइकर्स बेरोकटोक सड़कों पर उत्पात मचा रहे हैं। बुलेट बाइकों में मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखे जैसी आवाज निकालना मोटर वाहन अधिनियम के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन है। ऐसी बाइकों के खिलाफ चालान, साइलेंसर जब्ती और बाइक इंपाउंड करने की कार्रवाई की जा सकती है। नगरवासियों ने हरपालपुर थाना पुलिस से मांग की है कि बुलेट बाइकों के खिलाफ नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाए और यातायात नियम तोडऩे वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे इस मुद्दे को उच्च अधिकारियों तक ले जाएंगे।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here