
छतरपुर। जिला मुख्यालय के समीपी ग्राम बगौता के ग्रामीणों ने सोमवार को जिला पंचायत कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर अपनी समस्याएं अधिकारियों को बताई हैं। सरपंच के साथ पहुंचे ग्रामीणों ने नारेबाजी के बाद अधिकारियों से शासकीय योजनाओं में लापरवाही और लाभ न मिलने की शिकायत की। ग्रामीणों ने सचिव और रोजगार सहायक पर लापरवाही के आरोप लगाकर उन्हें पंचायत से हटाने की मांग की है।
सरपंच प्रतिनिधि रोहित चंदेल ने बताया कि सचिव पुरुषोत्तम दास रावत और रोजगार सहायक राजकुमार पाठक पंचायत में नहीं आते, और जब कभी आते हैं तो काम नहीं करते। पंचायत में नल-जल योजना का काम अधूरा है, आवास योजना में दलाली मांगी जाती है, और छह माह से मनरेगा योजना ठप है। कई शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही। वहीं ग्रामीण महिला ने बताया कि उसे आवास योजना का लाभ बमुश्किल मिला, लेकिन किश्तें रुकी हुई हैं। कई पात्र लोगों को योजना से वंचित रखा गया है। ग्रामीण बेनीबाई ने कहा कि गांव में पानी की व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण पैसे देकर पानी खरीदना पड़ रहा है। दलपत अहिरवार ने बताया कि उनकी समग्र आईडी में सुधार के लिए छह माह से कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने सचिव और रोजगार सहायक की लापरवाही को गांव के विकास में बाधा बताते हुए उन्हें तत्काल हटाने की मांग की है।








