
छतरपुर। सिविल थाना लाइन पुलिस ने चक्षु अभियान के तहत सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर नगर पालिका परिसर से 7 दिन पूर्व चोरी हुई स्कूटी (कीमत 40,000 रुपये) बरामद की है। चोरी की घटना की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने नगर पालिका के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर नाबालिग चोर को अभिरक्षा में लिया और स्कूटी बरामद की। किशोर को बाल न्यायालय में पेश किया गया, और विवेचना जारी है। कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी वाल्मीक चौबे, प्रधान आरक्षक जयवेदी, आरक्षक अजय प्रताप सिंह और भूपत सिंह शामिल रहे।








