
छतरपुर। जिले में शुक्रवार को आई तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। बमनौरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गुंजौरा में आंधी के दौरान एक भारी-भरकम पेड़ गिरने से दो ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान वृंदावन लोधी (50) और बलराम लोधी (30) के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर रामटौरिया पुलिस चौकी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला। उन्हें तुरंत रामटौरिया के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया। घायल व्यक्ति का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शुरू कर दिया गया है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बड़ामलहरा भिजवा दिया है। गांव में मातम पसरा हुआ है। प्रशासन द्वारा पीडि़त परिवारों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया गया है।








