
छतरपुर। प्रदेश में लंबे समय से भीषण गर्मी झेल रहे छतरपुर जिले के लोगों को रविवार को बड़ी राहत मिली। सुबह से ही आसमान पर घने बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं ने पूरे इलाके को सुकून भरा बना दिया। तेज धूप और चुभती गर्मी से परेशान राहगीरों और आम नागरिकों ने मौसम के इस खुशनुमा बदलाव का भरपूर आनंद लिया। बता दे की सुबह होते ही जिले के प्रमुख नगरों छतरपुर, घुवारा, भगवा ,बमनौरा रामटौरिया और आसपास के इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ली। आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई और हवाओं का रुख भी तेज हो गया। दिनभर ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। वही मौसम विभाग ने पहले ही पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया था कि मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है और हवाएं तेज चल सकती हैं। हालांकि छतरपुर जिले में रविवार को हल्की हल्की बारिश हुई, और आसमान में बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहावना बना रहा। वही रविवार को तापमान में आई गिरावट से लोग अपने घरों से बाहर निकल कर घूमते नजर आए। पार्कों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर हलचल देखने को मिली। बच्चों और बुजुर्गों ने भी मौसम का आनंद लिया। दुकानदारों और छोटे व्यापारियों ने बताया कि ठंडे मौसम के चलते आज ग्राहकों की आवाजाही भी बढ़ी। स्थानीय किसानों ने भी मौसम के बदलाव पर खुशी जाहिर की। उनका कहना है कि यदि आने वाले दिनों में हल्की बारिश होती है, तो खरीफ फसलों की बुवाई के लिए यह मौसम बेहद अनुकूल रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक जिले में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। इससे तापमान में और गिरावट आ सकती है और भीषण गर्मी से राहत बनी रहेगी।








