
छतरपुर। ओरछा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम धौरी में एक किसान की पुश्तैनी जमीन पर दबंगों द्वारा अवैध उत्खनन और मिट्टी से बालू बनाकर बेचने का मामला सामने आया है। विरोध करने पर दबंगों ने किसान के साथ मारपीट और जानलेवा हमला किया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार, चंद्रभान सिंह चंदेल की खेती की जमीन पर गांव के कुख्यात दबंग गुड्डू सिंह, कृपाल सिंह और रोशन सिंह ने जेसीबी से मिट्टी की अवैध खुदाई शुरू की और इसे बालू बनाकर बेच रहे थे। चंद्रभान ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर जानलेवा हमला कर दिया। चंद्रभान के भाई राजकुमार सिंह चंदेल ने बताया कि आरोपियों की आपराधिक गतिविधियों के कारण उनके परिवार को जान का खतरा है। उन्होंने कहा, इन लोगों के खिलाफ थाने में पहले भी कई मामले दर्ज हैं। यदि हमारे परिवार के साथ कोई अनहोनी होती है, तो ये आरोपी जिम्मेदार होंगे। बहरहाल ओरछा रोड थाना प्रभारी दीपक यादव ने प्राथमिक शिकायत के आधार पर गुड्डू सिंह और कृपाल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही, चंद्रभान ने अवैध उत्खनन की शिकायत एसडीएम छतरपुर अखिल राठौर से की है और कठोर कार्रवाई की मांग की है।








