
छतरपुर। उत्तर भारत में गर्मी और लू की चपेट के बीच डीसेंट इंग्लिश स्कूल के बच्चों ने वॉटर पूल डे मनाकर गर्मी से राहत पाई। स्कूल में आयोजित इस कार्यक्रम में छोटे-छोटे बच्चे स्विमिंग कॉस्ट्यूम और रंग-बिरंगे कपड़ों में पहुंचे। स्कूल परिसर में कृत्रिम वॉटर पूल और झरनों की व्यवस्था की गई थी, जिसमें बच्चों ने शिक्षकों की निगरानी में जमकर मस्ती की। स्कूल प्रबंधक अशोक दुबे, प्रबंधिका मयूरी दुबे और प्राचार्य राजीव जैन ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि गर्मी जैसे प्राकृतिक मौसम का स्वागत करना चाहिए और इससे बचने के लिए मौसम के अनुकूल व्यवहार करना चाहिए। लगभग दो घंटे तक चले इस आयोजन में बच्चों ने खूब आनंद लिया और तरोताजा होकर कार्यक्रम समाप्त किया।








