
छतरपुर। शहर में शिक्षा के क्षेत्र में नया इतिहास रचते हुए महर्षि विद्या मंदिर छतरपुर के प्राचार्य सीके शर्मा को राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। शनिवार को नई दिल्ली स्थित होटल हॉलिडे इन में आयोजित समारोह में ग्लोबल स्कूल लीडर्स कंसोर्टियम (वैश्विक विद्यालय नेतृत्व संघ) द्वारा उन्हें एडुबीकॉन ऑफ द ईयर 2024-25 चुना गया और जीएसएलसी एकेडएलीट अवाड्र्स 2025 से सम्मानित किया गया।
इस सम्मान का उद्देश्य ऐसे व्यक्तियों को पहचान देना है जिन्होंने शिक्षा जगत में असाधारण नेतृत्व, निष्ठा और दूरदर्शी सोच का प्रदर्शन करते हुए न केवल शिक्षा पद्धति में नवाचार किए, बल्कि दूसरों को भी उत्कृष्टता के लिए प्रेरित किया। उल्लेखनीय है कि श्री शर्मा ने पिछले 25 वर्षों से विद्यालय प्राचार्य के रूप में उत्कृष्ट नेतृत्व प्रदान किया है। उनके मार्गदर्शन में महर्षि विद्यालय शैक्षणिक उपलब्धि, सांस्कृतिक गतिविधियों और मजबूत नैतिक मूल्यों का प्रतीक बन चुका है। उनके छात्रों ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, खेलों तथा मूल्य आधारित शिक्षा में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर छतरपुर का नाम रोशन किया है।
स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति भी कर रहे जागरूक
62 वर्ष की आयु में भी श्री शर्मा ने साइकिलिंग को जीवन का अहम हिस्सा बनाकर युवा पीढ़ी को स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया है। उन्होंने 200, 300, 400, 600, 1000, 1200 और 1500 किलोमीटर तक की साइकिलिंग पूरी कर एक उदाहरण प्रस्तुत किया है। संडे ऑन साइकिलिंग के माध्यम से आज वे एक जन आंदोलन खड़ा कर चुके हैं। विद्यालय की चारदीवारी से बाहर निकलकर भी शर्मा समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनके परोपकारी प्रयासों ने जागरूकता, करुणा और सक्रिय नागरिकता की भावना को बढ़ावा दिया है। यही समर्पण और दूरदर्शी नेतृत्व उन्हें शिक्षा जगत की अग्रिम पंक्ति में स्थापित करता है।








