
छतरपुर। आगामी रामनवमीं के मौके पर छतरपुर में निकलने वाली भव्य शोभायात्रा की तैयारियां लगातार जारी हैं। तैयारियों के क्रम में सोमवार की शाम को गल्लामंडी के रामचरितमानस प्रांगण में श्रीराम सेवा समिति द्वारा अपने कार्यालय (रामालय) का शुभारंभ किया गया। साधू-संतों ने वैदिक रीति-रिवाज से कार्यालय का शुभारंभ किया, तदोपरांत रामनवमीं शोभायात्रा के लिए तैयारी कर रहे नवयुवक संघ की बालिकाओं ने झांझ, डमरू और तलवार नृत्य की प्रस्तुति दी।
श्रीराम सेवा समिति के मीडिया प्रभारी एडवोकेट अभिलेख खरे ने बताया कि रामनवमीं शोभायात्रा को भव्य बनाने के लिए समिति द्वारा रूपरेखा तैयार कर ली गई है, जिसके अनुसार शहर में तैयारियां चल रही हैं। उन्होंने बताया कि धर्माचार्य राघवेंद्र, आचार्य ओम प्रकाश शर्मा, ब्रजेश शर्मा, कमलेश बब्बाजू, जानराय टौरिया के महंत भगवान दास श्रंगारी के अलावा सभी समाजों के अध्यक्ष एवं प्रतिनिधियों की मौजूदगी में रामालय का शुभारंभ किया। तदोपरांत समिति के कोषाध्यक्ष प्रमोद सोनी ने गत वर्ष के आय-व्यय की जानकारी सभी के सामने रखी। इसके साथ ही गत वर्ष के आयोजन में सहयोग करने वाले रामभक्तों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम संयोजक पंकज पहारिया ने बताया कि इस वर्ष सभी समाजों के अध्यक्षों को समिति ने पदेन उपाध्यक्ष बनाया है। आगामी 30 मार्च से रामनवमीं तक हर रोज अलग-अलग समाज के अध्यक्षों के नेतृत्व में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके साथ ही रामनवमीं के दिन सभी समाजों के अध्यक्ष अपनी-अपनी समाज के साथ शोभायात्रा का स्वागत करेंगे। उन्होंने बताया कि सभी समाजों द्वारा शोभायात्रा के अभिनंदन हेतु अलग-अलग स्थानों पर आकर्षक स्वागत द्वार बनवाए जा रहे हैं, जहां समाज की मातृशक्ति के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया जाएगा और इसी द्वार से अगले द्वार तक भगवान के रथ को खींचने का सौभाग्य संबंधित समाज को मिलेगा। पंकज पहारिया ने शहरवासियों से अपने-अपने घरों को सजाने, भगवा ध्वज लगाने और शोभायात्रा का स्वागत कर पुण्यलाभ अर्जित करने की अपील की है। समिति के संयोजक राकेश तिवारी ने उपस्थित समस्त धर्म प्रेमी जनता का कार्यक्रम को सफल बनाने में आभार प्रकट किया। आज के कार्यक्रम में मुख्य रूप से सुरेंद्र साहू, डालडे मातेले, राजू पटवा, प्रकाश रावत, सतेंद्र पटैरिया, उमेश सैनी, शिव कुमार ताम्रकार, रामकुमार श्रीवास, दीपक गुप्ता, हर्षित अग्रवाल, प्रमोद रावत, प्रदीप सेन, आदर्श खरया, सुरेन्द्र शिवहरे, प्रशांत महतों, श्रेय सिन्हा, शिवम रावत, प्रखर शर्मा सनत गुरुदेव, पप्पू नेता सहित सैकडों रामभक्त उपस्थित रहे।








