
छतरपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डुमरा का रहने वाला एक युवक करीब डेढ़ वर्ष पूर्व अपने रिश्तेदार की बेटी के साथ भाग गया था, जिसके बाद लड़की के परिजन लड़के के माता-पिता को परेशान कर रहे हैं। शनिवार को परेशान माता-पिता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर अपनी फरियाद सुनाई है।आवेदन देने आई रामदेवी अनुरागी ने बताया कि अक्टूबर 2023 में उसका पुत्र अखिलेश, गांव में ही रहने वाले रिश्तेदार की बेटी के साथ भाग गया था, जिसके बारे में परिवार को कोई जानकारी नहीं है। रामदेवी के मुताबिक लड़की के परिवार वाले तभी से लगातार उसे तथा उसके पति को परेशान कर रहे हैं। जब अखिलेश घर से भागा था, तब लड़की के घरवालों ने उनके साथ मारपीट भी की थी, जिसकी शिकायत महाराजपुर थाना में दर्ज है। पुलिस द्वारा इस शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई थी, जिस कारण से लड़की के परिवार वालों द्वारा आज भी धमकियां दी जा रही हैं। एसपी ऑफिस में आवेदन देकर रामदेवी ने कार्रवाई की मांग की है।









