
।छतरपुर। मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में चल रही जनसुनवाई के दौरान एक शासकीय शिक्षक द्वारा अपनी पहली पत्नी और बेटियों के साथ अन्याय किए जाने का मामला सामने आया है। अलीपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम जोरन गांव की किशोरी ने आवेदन देते हुए बताया कि उसके शिक्षक पिता ने दूसरा विवाह कर लिया है और अब उसके विवाह में सहयोग करने से इंकार रहे हैं।जोरन निवासी क्रांति यादव ने बताया कि उसके पिता हरदयाल यादव पेशे से शासकीय शिक्षक हैं और प्राथमिक शाला देवथा में पदस्थ हैं। कई वर्ष पूर्व हरदयाल ने हरपालपुर निवासी महिला से दूसरा विवाह कर लिया था और वर्तमान में उसी के साथ रहते हैं। क्रांति के मुताबिक वह दो बहनें हैं और अपनी मां के साथ जोरन गांव में रहती हैं। हाल ही में उसका विवाह तय हुआ है लेकिन पिता हरदयाल यादव विवाह का खर्च उठाने से इंकार कर रहे हैं। कलेक्टर को आवेदन देकर क्रांति ने पिता से विवाह का खर्च दिलाने की मांग की है।








