चंदेरा। पलेरा जनपद की ग्राम पंचायत नुना में शासकीय बालक प्राथमिक शाला नुना के जय संतोषी मां महिला स्वसहायता समूह संचालक द्वारा स्कूली बच्चों को मीनू अनुसार भोजन नहीं दिया जा रहा है। लगातार मनमानी की जा रही है। इस ओर शासन के अधिकारियों का कोई ध्यान नहीं है। देखा जाए तो स्वादिष्ट भोजन देने की व्यवस्था भले ही गाइडलाइन में शासन द्वारा तय कर जारी की गई हो भले ही मध्यान भोजन के लिए लाखों रुपए का बजट शासन द्वारा भेजा जा रहा हो लेकिन उनकी गुणवत्ता में सुधार नहीं हो पा रहा है जिस कारण समूह संचालक अपनी मनमर्जी से समूह को संचालित कर शासन की राशि का फायदा उठा रहे हैं। ऐसा ही वाक्या पलेरा जनपद की ग्राम पंचायत नुना की शासकीय बालक प्राथमिक शाला का है जहां पर जय संतोषी मां महिला स्वसहायता समूह संचालक द्वारा मध्यान भोजन में लगातार लापरवाही की जा रही है और तो और गणतंत्र दिवस पर शासन के निर्देशानुसार मीनू अनुसार विशेष भोजन दिया जाना था परंतु समूह संचालक द्वारा मीनू को दर किनार कर अपनी मर्जी से बच्चों को मध्यान भोजन दिया गया। सिर्फ औपचारिकता पूर्ण किए जाने के लिए समूह संचालक अपनी मध्यान भोजन योजना को गति प्रदान कर शासन का पैसा वसूलने का कार्य कर रहा है। जिस पर गणतंत्र दिवस पर शाला में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पालक शिक्षक संघ के अध्यक्ष एवं शाला के प्रधानाध्यापक द्वारा नाराजगी जाहर कर जय मां संतोषी महिला स्वसहायता समूह के विरुद्ध पंचनामा बनाकर समूह के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की है कार्यवाही ना होने पर कलेक्टर से शिकायत करने की हिदायत दी है।