
केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों में आक्रोश
बुधवार को एक ओर खजुराहो में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी केन-बेतवा लिंक परियोजना का शिलान्यास कर रहे थे तो वहीं दूसरी ओर इसी परियोजना से प्रभावित जिले के सुकवाहा गांव के ग्रामीण काला दिवस मना रहे थे। ग्रामीणों ने जलती हुई चिता पर लेटकर अपना विरोध दर्ज कराया। सुकवाहा के ग्रामीण जीतेन्द्र सिंह, अजय प्रताप सिंह आदि ने बताया कि आज परियोजना का शिलान्यास हो गया है लेकिन आज तक उन्हें परियोजना और इसके तहत मिलने वाले मुआवजे की सटीक जानकारी नहीं है। ग्रामीणों का कहना था कि परियोजना की कवायद शुरु होने से लेकर आज तक कोई भी ऐसा अधिकारी उन तक नहीं पहुंचा जो उन्हें पूरी कार्ययोजना समझाए। बिजावर विधानसभा के आम आदमी पार्टी नेता अमित भटनाकर ने बताया कि इस परियोजना में लगभग 46 लाख वृक्षों, 22 गांवों, कानून, सुप्रीम कोर्ट और एनजीटी के सुझावों की अनदेखी की जा रही है, जो विकास की जगह विनाश लेकर आएगी। उन्होंने यह भी कहा कि बुंदेलखंड के जल संकट का स्थायी हल, यहां के पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण और बारिश के जल का संचयन करना है।









