
छतरपुर। भारत सरकार जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान प्रारम्भ किया गया है, उक्त अभियान के तहत भारत सरकार द्वारा छतरपुर जिले के 66 ग्रामों को सम्मिलित किया गया है। जनपद पंचायत बकस्वाहा के 49 ग्राम, जनपद पंचायत बिजावर के 14 ग्राम, जनपद पंचायत बडामलहरा, लवकुशनगर एवं राजनगर में एक-एक ग्राम को सम्मिलित किया गया है।इस योजना का उद्देश्य चयनित जनजातीय बाहुल्य ग्रामों में जनजातीय परिवारों के लिये 18 विभागों मंत्रालयों की 25 योजनाओं (जैसे मकान, सड़क, पेयजल, होमस्टे, विपणन केन्द्र, उज्जवला योजना, मोबाईल मेडिकल यूनिट, आंगनवाड़ी, पोषण वाटिका, आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, छात्रावास, आश्रम, ग्रिड बिजली एवं सोलर कनेक्शन, 4 जी मोबाईल कनेक्टिविटी, राशन कार्ड, पीएम जनधन योजना, सुकन्या समद्धि योजना, जाति प्रमाण-पत्र, पीएम किसान कार्ड) से शत् प्रतिशत संतृप्ति की जाकर जनजातीय समुदायों की सामाजिक आर्थिक स्थिति में सुधार लाना है। कार्य के सफल क्रियान्वयन के लिए चयनित ग्रामों की बसाहटों में व्यक्ति हितग्राही मूलक एवं अधोसंरचना संबंधी सर्वे के लिए ग्रामवार पंचायत सचिव, पी.सी.ओ. रोजगार सहायक, कृषि विस्तार अधिकारी, उपयंत्री शिक्षक, पटवारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, ग्राम सर्वे दल का गठन जिला स्तर से किया गया है। कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देशन में चिन्हित ग्रामों में सर्वे कार्य किया जा रहा है। ग्राम सर्वे दल के कर्मचारियों द्वारा जनजातीय समुदायों के घर-घर जाकर ग्रामवासियों से 41 बिन्दुओं पर जानकारी एकत्रित की जाकर सर्वे कार्य किया जा रहा है। ताकि कोई भी शासकीय लाभ से वंचित न रह सके।









