
छतरपुर। मातगुवां थाना क्षेत्र में बुधवार की रात सागर-कानपुर हाईवे पर एक ट्रक ने बाइक से जा रहे युवक को रौंद दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक देवेंद्र पुत्र शिवलाल राजपूत उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम पापटा के परिजन भरत राजपूत ने बताया कि देवेन्द्र बोरवैल्स का काम करता था और उसका कार्यालय मातगुवां में है। बीती रात करीब साढ़े 9 बजे देवेन्द्र कार्यालय बंद कर अपने गांव पापटा जा रहा था, इसी दौरान खैरों पेट्रोल पंप के समीप पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे कुचल दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को सूचना दी तथा शव को जिला अस्पताल पहुंचाया। गुरूवार की सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मातगुवां पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुटी हुई है।








