
डॉक्टरों में मचा हडक़ंप, मरीजों से जानी समस्याएं
छतरपुर। संभागायुक्त वीरेन्द्र सिंह रावत ने छतरपुर आने के दौरान बड़ामलहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा घिनौची आंगनबाड़ी केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। कमिश्नर के निरीक्षण से न केवल डॉक्टरों में हडक़ंप मच गया बल्कि यहां भर्ती मरीजों ने भी अपनी समस्याएं अवगत करायीं। कमिश्नर ने ओपीडी, प्रसूती वार्ड, मेल एवं फीमेल के साथ-साथ जनरल वार्ड, एक्सरे व पैथालॉजी कक्ष का निरीक्षण करते हुए पोषण पुनर्वास केन्द्र का निरीक्षण किया।जानकारी के मुताबिक सागर से छतरपुर आ रहे संभागायुक्त श्री रावत ने रास्ते में बड़ामलहरा अस्पताल और घिनौची के आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। कमिश्नर ने अस्पताल में भर्ती मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी लेते हुए 121 प्रकार की दवाओं के बारे में जानकारी ली। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि महिला चिकित्सक एवं अन्य चिकित्सक मुख्यालय में रहेंगे। व्यवस्था गड़बड़ होने पर कार्यवाही की जाएगी। जब वे घिनौची आंगनबाड़ी केन्द्र पहुंचे तो यहां उन्होंने बच्चों को दिए जाने वाले भोजन सहित अन्य संसाधनों की जानकारी ली। इस मौके पर तहसीलदार आलोक जैन, डॉ. अरूण शुक्ला, डॉ. हरगोविंद राजपूत, डॉ. केपी बामौरिया, डॉ. रवि पॉलीवाल के अलावा पटवारी होशियार सिंह सहित राजस्व एवं स्वास्थ्य अमला मौजूद रहा।









