
छतरपुर। मंगलवार को जनसुनवाई में एक मामला सामने आया है जिसमें एक वृद्ध महिला एसपी कार्यालय में रोते हुए शिकायत करने पहुंची है। वृद्ध महिला ने बताया कि उसके साथ परिवार के लोगों ने मारपीट की थी इसके बाद उसने थाने में शिकायत की लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो उसने सीएम हेल्पलाइन पर मारपीट की शिकायत दर्ज करवाई थी। लेकिन थाना पुलिस के द्वारा वृद्ध महिला से जबरन उसका फोन लेकर महिला की शिकायत बंद कराई। वहीं महिला के पास से 10 हजार रूपए चोरी हो गए जिसकी शिकायत उसने एसपी कार्यालय में की है।जानकारी के अनुसार हरवाई अहिरवार उम्र 75 साल निवासी अमरपुरा की रहने वाली है। उसके पति की कुछ समय पहले बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। कुछ समय पहले उसके परिवार के भतीजे द्वारा उसके साथ मारपीट की गई थी जिसकी शिकायत उसने सटई थाने में दर्ज कराई थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की जिसके बाद महिला ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने शिकायत बंद करने के लिए कई बार दबाव बनाया लेकिन महिला ने शिकायत बंद नहीं कराई। 18 अक्टूबर को दोपहर में चार पुलिसकर्मी महिला के घर पर पहुंचे और उन्होंने गांव के एक लड़के से बेवा महिला का मोबाइल मंगवाया और सीएम हेल्पलाइन की शिकायत को बंद कर दिया। वहीं महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पास रखे 10 हजार रूपए चोरी हो गए हैं। जिसकी शिकायत उसने पिछले मंगलवार को एसपी कार्यालय में की थी लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की गई है। आज फिर से महिला शिकायत करने एसपी कार्यालय आई है।एडिशनल एसपी विक्रम सिंह ने बताया कि वृद्ध महिला का कुछ पारिवारिक विवाद है। महिला की शिकायत बंद की गई है जिसकी जांच की जाएगी।








