
सख्त हुई यातायात पुलिस, दो दिन में काटे एक सैकड़ा चालान
छतरपुर। मंगलवार की सुबह फोरलेन पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद भी टैक्सी चालक सतर्क नहीं हुए हैं। मंगलवार को ही यातायात पुलिस ने ओवरलोड टैक्सी सहित अन्य वाहनों पर कार्रवाई करना शुरु कर दिया था। बुधवार को शहर के मुख्यमार्गों सहित अन्य इलाकों में मिले करीब एक सैकड़ा ओवरलोड वाहनों के पुलिस ने चालान काटे और चालकों को सख्त लहजे में समझाइश दी।यातायात पुलिस के एएसआई रामकिशोर पाठक ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों से मिले निर्देशों का पालन करते हुए यातायात पुलिस द्वारा जिला मुख्यालय के सभी मार्गों पर चैकिंग प्वाइंट बनाकर सघन चैकिंग की जा रही है। जिन वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठी मिलीं, उनके चालकों पर चालानी कार्रवाई करते हुए उन्हें सख्त समझाइश दी गई। इसके साथ ही सवारियों से भी अपील की गई कि वे भी क्षमता से अधिक भरे हुए वाहनों में यात्रा कर अपनी जान जोखिम में न डालें। श्री पाठक ने बताया कि यातायात पुलिस ने दो दिनों में एक सैकड़ा से अधिक ओवरलोड वाहनों पर चालानी कार्रवाई की है और यह लगातार जारी है। जिला मुख्यालय पर की जा रही कार्रवाई के बाद काफी हद तक ओवरलोड वाहनों में कमी दिखाई दी लेकिन बागेश्वर धाम में टैक्सी चालक क्षमता से अधिक सवारियां भरकर वाहन चलाते दिखाई दिए। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक टैक्सी की क्षमता 4 सवारियों को बैठाने की होती है लेकिन बागेश्वर धाम के टैक्सी चालक एक दर्जन से अधिक सवारियां बैठाकर वाहन दौड़ा रहे हैं, जिस कारण से यहां भी हादसे की संभावना बनी हुई है।









