
पौधरोपण अभियान का केन्द्रीय मंत्री ने किया शुभारंभ
छतरपुर। मंगलवार को जिले के प्रवास पर पहुंचे केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने बिजावर विधायक राजेश शुक्ला द्वारा जटाशंकर से बिजावर तक कराए जा रहे पौधरोपण अभियान का जटाशंकर धाम से शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने बिजावर में हर-घर तिरंगा अभियान के तहत अपने हाथों से लोगों के घरों और प्रतिष्ठानों पर झंडे भी लगाए।अभियान का शुभारंभ करने पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने सर्वप्रथम जटाशंकर धाम में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना भगवान भोलेनाथ से की। तदुपरांत उनके द्वारा जटाशंकर धाम परिसर में पौधरोपण करते हुए अभियान का शुभारंभ किया गया। बिजावर विधायक राजेश शुक्ला बबलू ने बताया कि जटाशंकर धाम से बिजावर तक केंद्र और प्रदेश सरकार के एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत सड़क के दोनों ओर कुल 1008 पौधे लगाए जाने हैं, इसी संकल्प के तहत अभियान शुरू किया गया है। इस मौके पर केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद केंद्रीय मंत्री बिजावर पहुंचे जहां हर-घर तिरंगा अभियान में शामिल होकर उन्होंने नगर भ्रमण करते हुए स्वयं लोगों के घरों और प्रतिष्ठानों पर झंडे लगाए।









