
छतरपुर। छतरपुर से नौगांव जाने वाले पुराने हाइवे का चौड़ीकरण कार्य अधूरा छोड़कर ठेकेदार फरार हो गया है। पिछले 6 महीने से इस सड़क का आधा हिस्सा चौड़ीकरण के अभाव में निर्माणाधीन है। आधे हिस्से पर सड़क को खोदकर गिट्टी डाल दी गई है लेकिन इस पर डामर नहीं किया गया है। सड़क पर चलने वाले लोग इस अधूरे चौड़ीकरण से बुरी तरह परेशान हैं। यहां रहने वाले विजय तिवारी ने बताया कि नौगांव रोड पर बस स्टेण्ड से लेकर ओरछा रोड थाने तक बाएं तरफ के हिस्से को खोदकर छोड़ दिया गया है। ठेकेदार ने दाएं तरफ के हिस्से का डामरीकरण कर दिया है लेकिन बाएं तरफ के हिस्से पर पिछले 6 महीने से काम ठप्प पड़ा है। यहां रहने वाले इमरान खान ने बताया कि इस अधूरे पड़े निर्माण कार्य के कारण कई बार हादसे हो चुके हैं। कलेक्टर को जल्द से जल्द इस मामले में हस्ताक्षेप करते हुए चौड़ीकरण का कार्य पूरा कराना चाहिए।








