
भैंसें चोरी कर पिकअप से ले जा रहे थे चोर, चार गिरफ्तार
छतरपुर। गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के एक गांव से पिछले दिनों भैंसों की चोरी होने की खबर सामने आई थी। पीडि़त किसान की रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध करने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और पड़ोसी राज्य उत्तरप्रदेश की पुलिस से सहायता लेकर अन्तर्राज्यीय पशु चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। चोरों उस वक्त पकड़े गए जब वे चोरी की भैंसों को एक पिकअप वाहन में लादकर कहीं ले जा रहे थे। पुलिस ने चोरी की भैसों से लोड पिकअप को भी जब्त किया है। पकड़े गए चोरों के विरुद्ध दोनों राज्यों में अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध किए गए हैं।गढ़ीमलहरा थान प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि गत 4 जुलाई को ग्राम गणेशपुरा निवासी अशोक कुशवाहा ने अपनी चार नगर भैंसें चोरी होने की शिकायत थाने में की थी, जिस पर अज्ञात के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था। प्रकरण की विवेचना करने वाली पुलिस टीम ने क्षेत्र में मूवमेंट करने वाले संदिग्धों सहित क्षेत्र के मुख्य मार्गों के सीसीटीवी कैमरों की जांच करते हुए साक्ष्य एवं जानकारी एकत्र की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी बीच टीम को सूचना मिली कि पशु चोर गिरोह के 4 सदस्य पड़ोसी राज्य उत्तरप्रदेश के महोबा जिला अंतर्गत चरखारी थाना की सूपा चौकी क्षेत्र में हैं तथा उनके पास 1 पिकअप वाहन है, जिसमें 4 नग भैंसें लोड हैं। उक्त सूचना के आधार पर पर गढ़ीमलहरा पुलिस की टीम ने चरखारी थाना प्रभारी उप निरीक्षक गणेश कुमार गुप्ता से समन्वय बनाते हुए संबंधित स्थान पर दबिश देकर चारों युवकों को हिरासत में लिया, साथ ही उनके पास मौजूद भैंसों से लोड पिकअप को जब्त किया। पकड़े गए युवकों ने अपने नाम संतोष यादव, दिलीप रैकवार, विजय कुशवाहा और रामकुमार कुशवाहा सभी निवासी जैतपुर मोहल्ला बेलाताल जिला महोबा बताए और पिकअप में जो 4 नग भैंसें लोड थीं वे चोरी की बताई गईं। चारों के विरुद्ध थाना चरखारी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2), 112(2), 11(1)(डी),(ई) एवं पशु क्रूरता निवारक अधिनियम का अपराध अलग से पंजीबद्ध किया गया है। थाना गढ़ीमलहरा जिला छतरपुर एवं थाना चरखारी जिला महोबा की पुलिस द्वारा पृथक-पृथक प्रकरण की विवेचना कार्यवाही की जा रही है।









