
पुलिस ने किया गिरफ्तार, चोरी का माल भी बरामद
छतरपुर। बड़ामलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम बरमा में पिछले दिनों सूने घर से हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि क्षेत्र के आदतन अपराधी द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की संपत्ति भी बरामद कर ली गई है।बड़ामलहरा थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र वर्मा ने बताया कि 10 जुलाई को बरमा निवासी पीडि़त परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए गांव से बाहर गया हुआ था और घर पर ताला डला था। घर सूना होने का फायदा उठाकर चोर ने घर में रखे आभूषण और नगदी सहित कुछ अन्य सामग्री चोरी कर ली। सुबह जब परिवार वापिस लौटा तब उन्हें चोरी की जानकारी लगी और उनके द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। पीडि़त परिवार की शिकायत पर धारा 305, 331(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया और विवेचना हेतु सेंधपा चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक रामप्रकाश के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। उक्त टीम को विवेचना के दौरान पता चला कि उक्त वारदात को क्षेत्र के आदतन अपराधी अजेंद्र घोष उर्फ बड़े भैया ने अंजाम दिया है। अजेन्द्र को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने पर उसने जुर्म कबूल कर लिया। अजेन्द्र ने चोरी का माल जंगल की झाडिय़ों में छिपाकर रखा था, जिसे उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बरामद कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि अजेंद्र घोष के विरुद्ध छेड़छाड़, बालकों के लैंगिक संरक्षण अधिनियम के दो अपराध, मारपीट एवं एससी-एसटी सहित 4 अपराध पूर्व से दर्ज हैं। उसे न्यायालय पेश कर जेल भेज दिया गया है।









