
जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के दावों की खुली पोल
छतरपुर। प्रदेश सरकार भले ही हर गरीब परिवार को पीएम आवास योजना से लाभान्वित करने का दावा कर रही हो लेकिन हकीकत यह है कि आज भी सैकड़ों जरूरतमंदों को पीएम आवास योजना सहित अन्य जनहितैषी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। ताजा मामला जिले की राजनगर जनपद पंचायत अंतर्गत आने वाले ग्राम पीरा का है जहां के एक अहिरवार परिवार के पास आवास न होने के कारण पूरा परिवार पोल्ट्री फार्म में रहकर जीवन यापन कर रहा है।परिवार की मुखिया सिमला बाई बताती हैं कि उसके 6 बच्चे हैं, जिनके साथ वह पोल्ट्री फार्म में रहती है। मुर्गी पालन उसकी आय का एकमात्र स्रोत है। आर्थिक तंगी के चलते उसके बच्चों की पढ़ाई भी नहीं हो सकी है, जबकि उसके बच्चे पढ़ना चाहते हैं। सिमला बाई के अनुसार उसे शासन की किसी भी योजना का लाभ नहीं मिला है। उसके पास जमीन का एक टुकड़ा था, जिस पर दबंगों ने कब्जा कर लिया है। इसके अलावा उसका जो मकान है वह जर्जर हो चुका है, बावजूद इसके उसे पीएम आवास योजना का लाभ नहीं मिला। ऐसा नहीं है कि सिमला बाई ने लाभ पाने का प्रयास नहीं किया लेकिन जिम्मेदारों के चक्कर लगा-लगाकर जब वह थक गई तब उसने हार मान ली और प्रयास करना भी बंद कर दिया। फिलहाल मुर्गी पालन कर सिमला बाई अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही है।









