
घायल अवस्था में व्यथा सुनाने एसपी ऑफिस पहुंचा परिवार
छतरपुर। चन्द्रनगर चौकी क्षेत्र के धमना हार में बीते दिनों पुरानी रंजिश के चलते एक पटेल परिवार ने विश्वकर्मा परिवार के ऊपर लाठी, डण्डों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में तीन लोग जख्मी हुए हैं। शनिवार को घायल परिवार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और अपने जख्मों को दिखाते हुए न्याय की गुहार लगाई।
ये है मामला
पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए ज्ञापन में चन्द्रनगर निवासी दीपक विश्वकर्मा ने बताया कि 15 अप्रैल को उसके पिता रमेश विश्वकर्मा और दो भाई धीरज व विकास विश्वकर्मा धमना हार में मूंग की फसल में सिंचाई कर रहे थे तभी पुराने विवाद पर योजनाबद्ध तरीके से लडऩे के लिए राहुल पटेल पहुंचा और उसने पानी पीने के लिए मांगा। पानी को लेकर कहासुनी हुई तो राहुल पटेल ने कट्टा निकालकर फायर कर दिया। इसके बाद उसने अपने परिवार के अन्य सदस्यों हल्के पटेल, जीतू पटेल, हरप्रसाद पटेल और महिलाओं को भी बुला लिया फिर पूरे पटेल परिवार ने रमेश विश्वकर्मा और उसके दोनों बेटों धीरज व विकास विश्वकर्मा के साथ जमकर मारपीट की। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया तो पता लगा कि उनके शरीर में गंभीर चोटें हैं। वे तीनों 15 अप्रैल से ही अस्पताल में भर्ती हैं लेकिन पुलिस ने आरोपियों पर कोई ठोस कार्यवाही नहीं की है। घायलों ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी को अपनी फरियाद सुनाई और कड़ी कार्यवाही की मांग की है।








