
हिंदू स्वाभिमान सुरक्षा मंच ने राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
छतरपुर। पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार से क्षुब्ध होकर सोमवार को हिंदू स्वाभिमान सुरक्षा मंच की जिला इकाई ने दोषियों पर अविलंब कार्यवाही और दोषियों को संरक्षण प्रदान करने वालों के विरुद्ध एट्रोसिटी एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग करते हुए जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा है।हिंदू स्वाभिमान सुरक्षा मंच के जिला संयोजक सुधीर कुमार जैन के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारी, समाजसेवी और सैकड़ों की संख्या में मातृशक्ति हाथों में तख्तियां लेकर पश्चिम बंगाल सरकार के खिलाफ नारेबाजी करती हुई मोटे के महावीर मंदिर से छत्रसाल चौक होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंची। जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन में सन्देशखाली घटना की निंदा करते हुए मांग की गई है कि पश्चिम बंगाल राज्य शासन को सख्ती के साथ निर्देशित किया जावे की तृणमूल कांग्रेस के नेता शाहजहां शेख और उनके गुंडो के विरुद्ध भारतीय दंड विधान की विभिन्न धाराओं के साथ अनुसूचित जाति व जनजाति संरक्षण अधिनियम के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज किये जाए। एक उच्च स्तरीय राष्ट्रीय जांच दल गठित कर संदेशखाली का भ्रमण व दौरा कर मंगाया जावे तथा उक्त प्रतिवेदन पर तुरंत कार्रवाई कर दोषियों तथा उनका संरक्षण देने वालों को समुचित रूप से दंडित किया जाए। ऐसी व्यवस्था स्थापित की जाए की संदेशखाली के लोग निर्भय होकर कर अपना व अपने परिवार का भरणपोषण कर सकें।








