
पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर उठाई सख्त कार्यवाही की मांग
छतरपुर। आईपीएल माफिया नाम के एक गुंडे से प्रताडि़त गहोई समाज के व्यक्ति के समर्थन में अब संपूर्ण समाज एकजुट हो गया है। सोमवार को नगर गहोई समाज के अध्यक्ष के नेतृत्व में समाज के लोगों ने पीडि़त व्यक्ति के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायती आवेदन दिया और पुलिस अधीक्षक से आरोपी के विरुद्ध सख्त कार्यवाही किए जाने की मांग की। एसपी ने आवेदन लेकर उचित कार्यवाही करने का भरोसा गहोई समाज को दिया है।नगर गहोई समाज के अध्यक्ष प्रेम रूसिया ने बताया कि डॉ. राजनारायण गुप्ता द्वारा शहर के देरी रोड पर एक व्यवसायिक भवन का निर्माण करवाया जा रहा है। उक्त भवन को राहुल शुक्ला उर्फ आईपीएल माफिया नाम का गुंडा हथियाना चाहता है। श्री रूसिया ने बताया कि विगत 20 फरवरी को गुंडे राहुल शुक्ला ने डॉ. राजनारायण गुप्ता को फोन लगाकर उक्त व्यवसायिक भवन उसे बेचने का दबाव बनाया था लेकिन जब डॉ. राजनारायण गुप्ता ने उसकी बात नहीं मानी तो राहुल शुक्ला ने 27-28 फरवरी की दरम्यानी रात एक बड़ी मशीन की मदद से व्यवसायिक भवन को क्षतिग्रस्त कर डाला। इतना ही नहीं गुंडे राहुल शुक्ला ने डॉ राजनारायण गुप्ता की पत्नी मूर्तिदेवी गुप्ता को फोन लगाकर 5 लाख रुपए की मांग रखते हुए उसके बेटे को मारने की धमकी भी दी। नगर गहोई समाज ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि डॉ. राजनारायण गुप्ता को प्रताडि़त करने वाले गुंडे राहुल शुक्ला पर सख्त से सख्त कार्यवाही की जाए तथा पीडि़त की क्षतिपूर्ति कराई जाए।









