
दो सप्ताह पूर्व की गई मारपीट की शिकायत करने पर दोबारा पीटा
छतरपुर। नौगांव थाना क्षेत्र के ग्राम सड़ेरी के कुछ दबंगों ने एक स्कूल वाहन चालक के साथ मारपीट की गई है। बताया गया है कि दबंगों ने करीब दो सप्ताह पहले युवक को पीटा था और जब उसने थाने में शिकायत की तो दबंगों ने उसे दोबारा पीटा है। नौगांव पुलिस ने सुसंगत धाराओं में आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। ग्राम मऊसहानियां निवासी छोटू पुत्र रतिराम कुशवाहा ने बताया कि वह गांव के निजी स्कूल के वाहन को चलाने का कार्य करता है। गत 13 फरवरी को जब वह पास के ग्राम सड़ेरी में स्कूली बच्चों को लेने गया था तब सड़ेरी निवासी जयपाल परमार ने उसका रास्ता रोककर बिना कारण के मारपीट कर दी थी। छोटू ने इसकी शिकायत नौगांव थाने में की थी। इसके बाद बीते रोज जब वह पुन: बच्चों को लेने के लिए सड़ेरी गांव गया तो जयपाल सिंह परमार ने अपने साथी अंकित परमार, संजय सिंह चंदेल, करन राजपूत, जीवन राजपूत और प्रेमदास पाल के साथ मिलकर उसके दोबारा मारपीट की है। मारपीट में छोटू बुरी तरह घायल हुआ है। थाने में शिकायत करने के बाद परिजन उसे जिला अस्पताल लाए, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। वहां नौगांव पुलिस ने उक्त सभी आरोपियों के विरुद्ध धारा 307, 323, 294, 34 आईपीसी के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। साथ ही जिला अस्पताल पहुंचकर पीडि़त युवक के कथन भी लिए गए हैं।








