
फ्रैक्चर है महिला का हाथ, पीठ में भी चोटें
छतरपुर। राजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम नांद (लखैरी पुरवा) की एक महिला ने थाने में अपने पति और सास-ससुर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि उसके पति और सास-ससुर ने लाठी-डंडों तथा लात-घूंसों से उसके साथ मारपीट की है। पुलिस ने महिला की शिकायत लेकर एमएलसी के लिए उसे जिला अस्पताल भेजा, जहां उसका हाथ फ्रैक्चर तथा पीठ पर चोट के निशान पाए गए हैं।पीडि़त महिला पार्वती कुशवाहा उम्र 28 वर्ष ने बताया कि वह अनगढ़ टौरिया छतरपुर की रहने वाली है। 4 वर्ष पूर्व उसका विवाह नांद निवासी भागचंद कुशवाहा के साथ हुआ था। विवाह के कुछ दिन बाद से ही उसकी सास अक्सर विवाद करती और पति से झूठी शिकायत करती, जिस कारण से उसका पति भागचंद मारपीट कर देता। पार्वती के मुताबिक बीते रोज वह घर पर अपने बच्चों की देखभाल कर रही थी तभी उसका पति आया और मारपीट करने लगा। जब पार्वती ने अपनी सास से मारपीट का कारण पूछा तो पति के साथ-साथ उसके सास-ससुर ने उसे पीटा। पार्वती की शिकायत लेकर पुलिस ने एमएलसी के उपरांत मामले की जांच शुरू कर दी है।








