
अखिल भारतीय मनरेगा मजदूर यूनियन ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
छतरपुर। मंगलवार को कलेक्टर की जनसुनवाई में अखिल भारतीय मनरेगा मजदूर यूनियन द्वारा ज्ञापन सौंपकर बताया गया कि ग्रामीण अंचलों में लोगों को मनरेगा योजना के तहत मजूदरी न मिलने के कारण वे पलायन करने को मजबूर हैं, इसलिए जिला प्रशासन को पलायन रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए। यूनियन के सदस्य दीपक अहिरवार ने बताया कि वर्ष 2005 में लागू की गई मनरेगा परियोजना में ग्राम पंचायतों के हर मजदूर को 100 दिवस की मजदूरी दिलाने का प्रावधान था लेकिन परियोजना का सही ढंग से क्रियान्वयन न होने के कारण वर्तमान में लोगों को मजदूरी कार्य नहीं मिल रहा है और वे अपने परिवारों का भरण-पोषण करने के लिए मजबूरन महानगरों की ओर पलायन कर रहे हैं। यूनियन ने कलेक्टर को ज्ञापन देकर आग्रह किया है कि आने वाली 26 जनवरी को ग्राम पंचायतों में जो ग्राम सभाएं होने जा रही हैं उनके लिए एजेंडा जारी कर मनरेगा परियोजना का सही ढंग से क्रियान्वयन करने के लिए निर्देशित किया जाए तथा अखिल भारतीय मनरेगा मजदूर यूनियन द्वारा मजूदरों को पलायन से रोकने के लिए चलाए जागरुकता अभियान में प्रशासन द्वारा सहयोग किया जाए।








